जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले के लिए आज का गुरुवार ‘ब्लैक थर्सडे’ साबित हुआ. जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दर्दनाक सड़क हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए. पहली घटना भानपुरी के पास बस के पेड़ से टकराने की है, वहीं दूसरी घटना बोधघाट क्षेत्र में ट्रक और बाइक की भिड़ंत की है.

1. तारागांव में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई दर्शनार्थी बस

​भानपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तारागांव में गुरुवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच एक बड़ा हादसा हो गया. दुर्ग से 30 से अधिक दर्शनार्थियों को लेकर तिरुपति जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई.

​प्राथमिक जानकारी के अनुसार, चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे उसने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. इस टक्कर में राजनांदगांव निवासी तामेश्वर साहू की दुखद मौत हो गई. बस में सवार कई अन्य यात्री घायल हैं, जिन्हें पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया है.

2. नगरनार मार्ग पर ट्रक की चपेट में आया बाइक सवार

​दूसरी घटना बोधघाट थाना क्षेत्र की है, जहां नगरनार की ओर से जगदलपुर आ रहे एक बाइक सवार की मौत हो गई. विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. ​बताया जा रहा है कि मृतक ओडिशा का रहने वाला था.

दोनों ही मामलों में पुलिस के द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed