जगदलपुर(अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर पुलिस को बीती शाम एक बार फिर से सफलता मिली है। पुलिस ने बुधवार की शाम लाखों रुपयों का गांजा परिवहन करते दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से देर शाम करीबन 7 बजे सूचना मिली कि दो युवक आमागुड़ा चौक में अपने पास रखे दो बैगों में संदिग्ध सामान लेकर यात्री बस का इंतजार कर रहे है। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार टीआई बीआर नाग के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम का गठन किया गया। इसके बाद उक्त टीम को तत्काल ही आमागुड़ा चौक के लिए रवाना किया गया। पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देते हुए वहां खड़े दो युवकों को पकड़ लिया। पकड़ने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ करते हुए उनके पास रखे बैग की तलाशी ली। तलाशी में पुलिस ने दोनों युवकों के बैग से लगभग 16 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 2 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। कड़ी पूछताछ में पकड़े गए दोनों युवकों राहुल साहू (21) निवासी विदिशा (मध्यप्रदेश) और कृष्णा सेन (20) निवासी भोपाल (मध्यप्रदेश) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह यह गांजा ओड़िसा से खरीदकर मध्यप्रदेश लेकर जाने के बाद वहां बेचने की फिराक में थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed