बस्तर की बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, विज्ञान क्विज में चयन से बढ़ाया मान….

जगदलपुर- आदिवासी बहुल बस्तर की बेटियां अब अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं. इसी कड़ी में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छिंदावाड़ा दरभा की दो छात्राओं ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे बस्तर सहित छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है. विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा लक्ष्मी भारद्वाज और कक्षा 10वीं की छात्रा गौरी नाग का प्रतिष्ठित नेशनल विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं नवाचार क्विज 4.0 के लिए चयन हुआ है.

दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि को प्रोत्साहित करते हुए गुजरात सरकार की ओर से उन्हें विशेष पुरस्कार के रूप में टैबलेट प्रदान किए गए हैं. इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन गुजरात सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत कार्यरत गुजरात विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा किया गया था. छात्राओं की इस सफलता पर बस्तर कलेक्टर  आकाश छिकारा ने कलेक्ट्रेट में दोनों को सम्मानित किया. उन्होंने उनकी वैज्ञानिक जिज्ञासा, मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर प्रयास से नई ऊंचाइयों को हासिल किया जा सकता है. उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया.

लक्ष्मी भारद्वाज और गौरी नाग की यह उपलब्धि विद्यालय के साथ-साथ पूरे बस्तर अंचल के लिए गर्व का विषय है. उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती. उचित मार्गदर्शन बेहतर अवसर और दृढ़ संकल्प के सहारे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं. इस उपलब्धि के पीछे छात्राओं की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और सीखने के प्रति उनकी ललक अहम रही.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles