कवि सिंहा, दंतेवाड़ा। जिले के गीदम जावांगा में स्थित सीआरपीएफ 231 बटालियन कैम्प में शुक्रवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में सीआरपीएफ के अधिकारियों समेत जवानों ने भी वृक्षारोपण किया। इसके साथ ही सभी ने पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया।

सीआरपीएफ 231 बटालियन कैम्प में कमांडेंट सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने आम, काजू, आंवला और गुलमोहर जैसे फलदार वृक्षों का वृक्षारोपण किया। इस मौके पर कमांडेंट सुरेंद्र सिंह ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण हेतु सहयोग प्रदान करना चाहिए। समाज के सभी वर्ग के लोग जब पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेकर एक दूसरे का सहयोग एवं प्रोत्साहित करते चलेंगे, तभी पर्यावरण संरक्षण संभव है। इसके लिए हमें अधिक से अधिक वृक्ष लगाने होंगे। तभी इस धरा को सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है। इसके साथ ही कमांडेंट ने इस बात पर भी जोर देते हुए कहा कि केवल वृक्ष लगाने से हमारा उत्तरादायित्व पूरा नही होता है। समय समय पर लगाये गए पौधों की देखभाल की भी आवश्यकता होती है। इस दौरान सीआरपीएफ 231 बटालियन के द्वितीय क्रमांक अधिकारी जयन पी. सैमुअल, मुनीश कुमार, सहायक कमांडेंट अर्जुन लाल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय किशोर रेड्डी, डॉ. एम बरनीधरन के साथ अन्य अधिकारी और जवान मौजूद थे।