बस्तर- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. कोड़ेनार पुलिस ने मावलीभाटा के जहाजभाटा पारा स्थित एक घर से मध्यप्रदेश की 75 पेटी गोवा व्हिस्की बरामद की है. जब्त शराब की कुल मात्रा 675 लीटर बताई गई है. जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 6 हजार 250 रुपये है. पुलिस ने मामले में 45 वर्षीय आरोपी दुलगो कवासी को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक 17 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मावलीभाटा जहाजभाटा पारा निवासी दुलगो कवासी अपने घर में दूसरे राज्य की अंग्रेजी शराब छिपाकर रखे हुए है. बताया गया कि इस शराब को दशहरा मेला और मंडई में बिक्री के लिए खपाने की तैयारी थी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम गठित कर आरोपी के घर दबिश दी.
तलाशी के दौरान घर के एक कमरे में ताला लगा मिला. पुलिस ने कमरा खुलवाकर जांच की तो वहां 75 पेटी गोवा व्हिस्की बरामद हुई. पेटियों में कुल 3,750 नग शराब मिली. शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
दशहरा मेले में खपाने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में दशहरा मेला और मंडई में शराब बेचने के लिए लाने की बात स्वीकार की है. दूसरे राज्य की शराब को स्थानीय बाजार में खपाने की आशंका को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है. इस मामले में अन्य संबंधित आरोपियों की तलाश भी जारी है. कोड़ेनार थाने में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत अपराध दर्ज किया गया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया.