जामताड़ा से दो साइबर ठग गिरफ्तार, 5.90 लाख की ठगी का खुलासा, 82 एटीएम कार्ड, 6 मोबाइल और 5 सिम बरामद…….

बस्तर- पेंशन सेटलमेंट और पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का बस्तर पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 82 एटीएम कार्ड, 6 मोबाइल फोन, 5 सिम कार्ड, 25 हजार रुपये नकद और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं. मामले में प्रार्थी से 5 लाख 90 हजार रुपये की ठगी की गई थी.

बस्तर ASP सुखनंदन राठौर ने बताया कि प्रार्थी को फेसबुक पर पेंशन सेटलमेंट और पेंशन कार्ड बनाने से संबंधित विज्ञापन दिखाई दिया था. आवेदन की प्रक्रिया के दौरान नाम, पता, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी मांगी गई. इसी प्रक्रिया के दौरान प्रार्थी की बैंकिंग जानकारी का दुरुपयोग कर खाते से 5.90 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए गए. शिकायत पर थाना फरेजपुर (परपा) में अपराध क्रमांक 241/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की पड़ताल की. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम झारखंड के जामताड़ा पहुंची. जहां कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस अब बरामद एटीएम कार्ड और मोबाइल नंबरों की जांच कर दूसरे राज्यों में हुई साइबर ठगी से इनके संभावित संबंधों का पता लगा रही है.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले पेंशन या सरकारी योजनाओं से जुड़े संदिग्ध विज्ञापनों पर भरोसा न करें और अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें. साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles