जगदलपुर. प्रदेश के सूरजपुर जिले के भटगांव में बीते दिन आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, ओरछा की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है. अंडर-19 बालिका खो-खो स्पर्धा में विद्यालय की टीम ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए रजत पदक अपने नाम किया.
इस प्रतियोगिता में शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के दम पर विद्यालय की चार छात्राओं—रमोली, पिंकी, साक्षी और सारिका—ने राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है. छात्राओं की इस बड़ी सफलता से विद्यालय और पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है. विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सुमन शर्मा ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा, “यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अटूट अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना का सुखद परिणाम है.”
बच्चों की इस उपलब्धि में विद्यालय के खेल शिक्षक रोपेश्वर साहू के कुशल मार्गदर्शन और सभी शिक्षकों के निरंतर प्रोत्साहन का विशेष योगदान रहा. समस्त विद्यालय परिवार ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित छात्राओं को आगामी प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं.