जगदलपुर. मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा संभाग के नारायणपुर जिले के नगर पालिका परिषद क्षेत्र के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंगला पारा में एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को उनके परिसर के समीप ही प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, आवश्यक लैब टेस्ट और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराना था. शिविर के दौरान कुल 176 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें से 42 मरीजों के विभिन्न प्रकार के 86 लैब टेस्ट किए गए. परीक्षण के उपरांत आवश्यकतानुसार 147 मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं.

शिविर में स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया. चिकित्सकीय दल ने विद्यार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की और जरूरत के अनुसार उन्हें दवाएं उपलब्ध कराईं. इसके साथ ही बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथ धोने के सही तरीकों, स्वच्छ पेयजल और संतुलित आहार का महत्व समझाया गया. डॉक्टरों ने बदलते मौसम में फैलने वाली सर्दी-खांसी, बुखार और वायरल संक्रमण जैसी बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया. मोबाइल मेडिकल यूनिट के चिकित्सक ने बताया कि योजना का मुख्य लक्ष्य लोगों को उनके घर और कार्यस्थल के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है.
विद्यालय के प्राचार्य कमलेश सिंह ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया. उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में शिविर लगने से बच्चों की छिपी हुई स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान संभव हो पाती है. प्राचार्य एवं शिक्षकों ने सुझाव दिया कि जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहनों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए क्योंकि वर्तमान में नारायणपुर में केवल एक वाहन उपलब्ध है. साथ ही उन्होंने मांग की कि नारायणपुर के सभी विद्यालयों में हर माह ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाए ताकि आम जनता और विद्यार्थियों को लगातार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.