जगदलपुर. शहर के बोधघाट थाना क्षेत्र के शांति नगर वार्ड स्थित एक प्लेसमेंट एजेंसी की महिला संचालिका पर स्वास्थ्य विभाग में वार्डबॉय की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है. शांति नगर वार्ड में संचालित इस एजेंसी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाकर उन्हें सरकारी व अर्ध-सरकारी विभागों में नौकरी लगाने का प्रलोभन दिया जा रहा था. बकावंड और करपावंड क्षेत्र के युवाओं ने आरोप लगाया है कि एजेंसी की महिला संचालिका ने उनसे वार्डबॉय के पद पर शत-प्रतिशत नियुक्ति का दावा करते हुए मोटी रकम ऐंठ ली. इस मामले की पुष्टि बोधघाट टीआई टामेश्वर चौहान ने की है.
मिली जानकारी के अनुसार, पैसे लेने के महीनों बीत जाने के बाद भी जब किसी को नौकरी नहीं मिली और न ही रकम वापस की गई, तब परेशान पीड़ितों ने पुलिस की शरण ली. बोधघाट थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार ग्राम चापा पदर निवासी युवक से ₹1,50,000, ग्राम बकावंड निवासी पीड़ित से ₹1,25,000 और ग्राम मारेंगा निवासी पीड़ित से ₹60,000 की ठगी की गई है. इस तरह महिला संचालिका ने कुल ₹3,35,000 का गबन किया है.
पीड़ितों की शिकायत और प्राथमिक जांच के आधार पर बोधघाट पुलिस ने महिला संचालिका के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है, वहीं यह आशंका भी जताई जा रही है कि जांच आगे बढ़ने पर इस ठगी का शिकार हुए कुछ और पीड़ित भी सामने आ सकते हैं.