जगदलपुर (सोमारू नाग). जिले के जगदलपुर मुख्यालय से केशलूर, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, दरभा और सुकमा के तोंगपाल होते हुए सीधे आंध्र प्रदेश को जोड़ने वाले एकमात्र राष्ट्रीय राजमार्ग 30 की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने जोरदार मोर्चा खोल दिया है. पिछले कई सालों से उपेक्षा का शिकार यह सड़क मार्ग यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है. बरसात के दिनों में कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण इस राह से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं होता, वहीं मौसम सामान्य होते ही धूल के उड़ते गुबार से राहगीरों का दम घुटने लगता है. सड़क की इसी दयनीय स्थिति के विरोध में आज बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झीरम के पास उग्र आंदोलन करते हुए एक दिवसीय चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
प्रदर्शनकारियों ने शासन और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए केशलूर से दरभा और तोंगपाल तक की सड़क के शीघ्र निर्माण और जीर्णोद्धार की मांग रखी. कांग्रेस नेताओं ने याद दिलाया कि पिछले वर्ष भी दरभा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा इसी सड़क को लेकर बड़ा आंदोलन किया गया था, लेकिन सिर्फ झूठे आश्वासनों के दम पर प्रदर्शन समाप्त करा दिया गया और जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ. इस बार कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वे केवल खोखले वादों से पीछे नहीं हटेंगे. प्रदर्शन के दौरान आम नागरिकों, व्यापारियों, बस व ऑटो चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सड़क के गड्ढों को तत्काल भरने और अधूरे पड़े निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की गई. उग्र आंदोलन के बीच कांग्रेस ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि आगामी 3 महीनों के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो यह आंदोलन और अधिक विकराल रूप लेगा और पूरे शहर को बंद कराकर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा.