जगदलपुर : संजय मार्केट से रातों-रात गायब हुई 12 लाख की पिकअप, चोर की पहचान जानकर उड़े सब के होश!

जगदलपुर. शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार संजय मार्केट के टैक्सी स्टैंड पार्किंग से अचानक 12 लाख रुपये की चमचमाती अशोक लीलैंड पिकअप चोरी होने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. 20 जुलाई की रात हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस तत्काल हरकत में आई और महज 48 घंटे के भीतर ही इस पूरी गुत्थी को सुलझा लिया. जांच के दौरान जो चौंकाने वाला सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया. गाड़ी चुराने वाला कोई बाहरी शातिर बदमाश नहीं, बल्कि वाहन का पूर्व चालक ही निकला.

​वारदात के बाद कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने जब संजय मार्केट और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, तो एक संदेही का चेहरा साफ नजर आया. सूक्ष्मता से जांच करने पर संदेही की पहचान पिकअप के ही पूर्व चालक करन नाग उर्फ लक्की (23 वर्ष) के रूप में हुई. आरोपी ने बड़ी चालाकी से गाड़ी चुराकर उसे पल्ली नाका के पास छिपाकर रखा था ताकि मौका मिलते ही उसे ठिकाने लगा सके.

​फुटेज से अहम सुराग मिलते ही पुलिस टीम ने पल्ली नाका के पास घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया. कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसकी निशानदेही पर चोरी की गई 12 लाख रुपये मूल्य की पिकअप गाड़ी को सुरक्षित बरामद कर जप्त कर लिया गया. पुलिस ने कोंडागांव जिले के पतोड़ा गांव के रहने वाले और फिलहाल जगदलपुर के कुम्हारपारा में रह रहे आरोपी करन नाग को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles