जगदलपुर. NEET परीक्षा में हुई कथित धांधली, प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और दिल्ली में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने की घटना के विरोध में बस्तर की राजनीति गरमा गई है. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बस्तर जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और NSUI के कार्यकर्ताओं ने जगदलपुर स्थित राजीव भवन के समक्ष केंद्र सरकार के खिलाफ उग्र विरोध प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन के दौरान उग्र कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका गया. साथ ही कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की.
“जब नेता प्रतिपक्ष सुरक्षित नहीं, तो आम छात्रों का क्या होगा ?”
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि देश के लाखों मेधावी छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेल दिया गया है. जब राहुल गांधी शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों के खून-पसीने का हिसाब मांगने निकले, तो पुलिस ने उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की, जिससे उन्हें चोट भी आई. श्री मौर्य ने कहा, “सोचिए, जब देश के नेता प्रतिपक्ष के साथ इस तरह का बर्बर व्यवहार किया जा सकता है, तो देश के आम नागरिकों और बच्चों का क्या होगा ? कांग्रेस पार्टी इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी.”
संसद और चर्चा से भाग रही है मोदी सरकार : युवा कांग्रेस
युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष निकेत राज झा ने कहा कि युवाओं की गुनहगार मोदी सरकार संसद में इस संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा और जवाबदेही तय करने से लगातार भाग रही है. वहीं, बस्तर जिला NSUI अध्यक्ष विशाल खंबारी ने चेतावनी देते हुए कहा, “जब-जब युवा बोला है, राजतंत्र डोला है. छात्र अपने भविष्य को संवारने के लिए वर्षों कड़ी मेहनत करते हैं. NEET जैसी परीक्षाओं में धांधली उनके सपनों पर सीधा आघात है। युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश सरकार को भारी पड़ेगी.”
वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
इस उग्र विरोध प्रदर्शन में बस्तर क्षेत्र के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे. इनमें पूर्व विधायक रेखचंद जैन, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला, उपनेता प्रतिपक्ष रामशंकर राव, प्रकाश नायडू, रविशंकर तिवारी, जाहिद हुसैन, अमरनाथ सिंह, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा, किसान कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम कश्यप, अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोजविन दास और मीडिया प्रभारी शादाब अहमद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए.