कवि सिंहा, दंतेवाड़ा। महिलाओं को रोजगार प्रदान करने जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा लगातार प्रयासरत है। जिपं अध्यक्ष का कहना है महिला जब तब आगे नहीं बढ़ेगी तब तक जिले का विकास संभव नहीं है। आज तुलिका ने महिलाओं को रोजगार से जोड़ने महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 4 के त्रिदेव महिला स्व सहायता समूह व निर्मल महिला स्व सहायता समूह के महिलाओं मसाला पाउडर बनाने की मशीन प्रदाय की।
जिपं अध्यक्ष तुलिका ने बताया कि नगर की महिलाओं ने मुझे आवेदन देकर रोजगार की मांग रखी थी। बैठक लेने पर महिलाओं ने बताया कि वह मसाला पाउडर बनाकर मार्केट में बेचना चाहती है। महिलाओं के उत्साह को देखते हुए आज मसाला पाउडर बनाने की मशीन उन्हें प्रदान की गई है। महिलाओं का यह उत्साह निश्चित तौर पर यह दर्शाता है कि अब महिला अपने पैर पर खड़ा होना चाहती हैं। तुलिका ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने लगातार प्रयासरत है। समूह से जुड़ी इंद्रा ठाकुर ने बताया कि हम सभी महिलाएं रोजगार चाहती थी इस बात की जानकारी सभी ने मिलकर जिपं अध्यक्ष को दी। उन्होंने हम महिलाओं के उत्साह को देखते मसाला पाउडर बनाने की मशीन प्रदान की। वहीं महिला शहर अध्यक्ष इंदिरा शर्मा ने कहा कि महिलाओं को लेकर तुलिका कर्मा काफी सवेंदनशील है जो हम महिलाओं के लिए अच्छी बात है। महिलाओं से जुड़े हर मुद्दे को लेकर जिपं अध्यक्ष ने अपनी आवाज बुलंद की है। तुलिका का महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सपना अब जिले में साकार होता नजर आ रहा है। उल्लेखनीय है कि तुलिका के इस प्रयास से लगभग 30 महिलाएं लाभान्वित होंगी। इससे पहले भी विधायक देवती महेंद्र कर्मा व जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा की पहल से बड़े कमेली व कटेकल्याण की महिलाओं को दोना पत्तल बनाने की मशीन प्रदाय की गई थी। मशीन मिलने पर स्व सहायता समूह की महिलाओं ने जिपं अध्यक्ष का आभार भी माना। इस दौरान इंदिरा शर्मा, गीतांजलि कुशवाहा, राधा नाग, शिव कुमारी धुव्र, किशनदई समेत अन्य महिला उपस्थित थे।