सुकमा (डेस्क) – नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के इंजरम स्थित 219 बटालियन सीआरपीएफ कैंप से एक दुखद खबर सामने आई है. देर रात लगभग 10:30 बजे, मध्य प्रदेश के रहने वाले एक जवान निलेश कुमार गर्ग ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे कैंप में मातम पसर गया है.
छह पन्नों का सुसाइड नोट मिला
घटनास्थल से पुलिस को छह पन्नों का एक सुसाइड नोट मिला है. हालांकि, अभी तक सुसाइड नोट की सामग्री सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह जवान की आत्महत्या के पीछे की वजहों पर रोशनी डालेगा. पुलिस और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी इस पत्र के आधार पर मामले की जांच कर रहे हैं.
मानसिक स्वास्थ्य पर फिर उठे सवाल
जवान निलेश कुमार गर्ग कई सालों से सुकमा जैसे अतिसंवेदनशील इलाके में तैनात थे. सुकमा जैसे तनावपूर्ण और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात जवानों के मानसिक स्वास्थ्य पर यह घटना फिर से सवाल खड़ा करती है. कठिन परिस्थितियां, घर-परिवार से दूरी और हर पल जान का खतरा जवानों के लिए अत्यधिक मानसिक दबाव का कारण बनता है.
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी तुरंत कैंप पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है. सीआरपीएफ के उच्च अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ पाएगी.