02 करोड़ से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों का किया गया नष्टीकरण, बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई…..

जगदलपुर- नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो नई दिल्ली के दिशा-निर्देश के अनुरूप मादक व मन प्रभावी पदार्थों के नष्टीकरण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले में जब्त 02 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया. बस्तर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज 61 प्रकरणों में जब्त 2234 किलोग्राम 648 ग्राम गांजा व 6500 मिलीलीटर नशीली सिरप को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया. इन मादक पदार्थों का कुल अनुमानित बाजार मूल्य 2,02,97,560 (दो करोड़ दो लाख सत्तानवे हजार पांच सौ साठ रुपये) बताया गया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई. जब्त गांजा का नष्टीकरण एनएमडीसी (NMDC) की फर्नेस भट्ठी में जलाकर किया गया. वहीं जब्त नशीली सिरप को बोतलों से निकालकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत गड्ढा खोदकर नष्ट किया गया. खाली प्लास्टिक बोतलों को पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) के लिए प्लास्टिक फैक्ट्री भेजा गया. बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.

मुख्य बिंदु…..

61 प्रकरणों के जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण.

2234.648 किलोग्राम गांजा एवं 6500 मिलीलीटर नशीली सिरप नष्ट.

जब्त सामग्री का कुल मूल्य ₹2.03 करोड़.

गांजा का नष्टीकरण एनएमडीसी फर्नेस में किया गया.

नशीली सिरप को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया.

प्लास्टिक बोतलों को रीसाइक्लिंग के लिए भेजा गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles