जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने नशे के सौदागरों की कमर तोड़ते हुए अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया है. पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के कुशल नेतृत्व में थाना बोधघाट पुलिस ने घेराबंदी कर बैलाबाजार इलाके में सब्जी ठेले की आड़ में नशीली गोलियों का काला कारोबार करने वाली एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है.
5 लाख से अधिक की नशीली टैबलेट जब्त
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई इस छापेमारी में आरोपी महिला के कब्जे से 420 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम (Alprazolam) टैबलेट बरामद की गई है. जब्त दवाओं की कुल कीमत लगभग 5,37,600/- रूपये आंकी गई है. पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 67.2 ग्राम वजन की नशीली गोलियां जब्त कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है.
सब्जी ठेले की आड़ में चल रहा था मौत का व्यापार
गिरफ्तार आरोपी जुगबाई उर्फ रीता चौधरी (57 वर्ष) शातिर तरीके से बैलाबाजार में सब्जी के ठेले पर बैठकर ग्राहकों का इंतजार कर रही थी. मुखबिर की सटीक सूचना पर एसपी शलभ कुमार सिन्हा द्वारा गठित विशेष टीम ने मौके पर दबिश दी और महिला को रंगे हाथों धर दबोचा. आरोपी महिला के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुराना है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई महिला शहर की पुरानी आदतन अपराधी है. इससे पहले भी वह NDPS एक्ट, पीट NDPS और आबकारी एक्ट जैसे गंभीर मामलों में कई बार जेल की हवा खा चुकी है. एसपी के कड़े रुख के बाद अब क्षेत्र के नशा माफियाओं में हड़कंप मच गया है.