जगदलपुर (डेस्क) – दरभा विकासखंड में धान खरीदी की प्रक्रिया को लेकर किसानों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. धान बिक्री के लिए टोकन जारी करना बंद किए जाने के विरोध में शुक्रवार को ‘किसान जाग्रत मंच’ के बैनर तले किसानों ने दरभा बाजार स्थल पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया. इस दौरान किसानों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए एसडीएम और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा.
नियमों के उल्लंघन का आरोप
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसान 31 जनवरी 2026 तक अपनी उपज बेच सकते हैं. शासन ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का मापदंड निर्धारित किया है. इसके बावजूद, दरभा धान खरीदी केंद्र में समय सीमा समाप्त होने से पहले ही बिना किसी पूर्व सूचना के टोकन जारी करना बंद कर दिया गया है. किसानों ने इसे शासन के आदेशों का खुला उल्लंघन और किसानों के अधिकारों का हनन बताया.
अधिकारियों ने दिया आश्वासन
आंदोलन की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (SDM) तोकापाल, तहसीलदार दरभा और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने धरना स्थल पर ही किसानों से चर्चा की और उनका ज्ञापन स्वीकार किया. किसानों की समस्याओं को सुनने के बाद अधिकारियों ने तत्काल धान खरीदी केंद्र प्रबंधक से इस संबंध में जानकारी मांगी है और जल्द से जल्द समस्या के निराकरण का ठोस आश्वासन दिया है.
इनकी रही मुख्य मौजूदगी
प्रदर्शन के दौरान किसान जाग्रत मंच के संयोजक गिरजानंद धाकड़, भूपेश ठाकुर, चेतन सोढ़ी, मिथलेश ठाकुर, पंकज नाग सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे. मंच ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पात्र किसानों को टोकन जारी नहीं किए गए, तो किसान अपने हक के लिए आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे.