बीजापुर (डेस्क) – जिले के भोपालपट्टनम में गुरुवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में विधायक विक्रम मंडावी ने सत्ताधारी दल भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं. विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री बिलाल खान पर सत्ता का दुरुपयोग करते हुए दो निर्दोष आदिवासी युवकों को झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने का आरोप लगाया है.
क्या है पूरा मामला ?
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने बताया कि घटना 5 जनवरी 2026 की है. संदीप तलाण्डी और आत्रम रमेश नामक दो आदिवासी युवक भाजपा नेता बिलाल खान से मिलने पहुंचे थे. आरोप है कि वहाँ उनके खिलाफ एक मनगढ़ंत कहानी रची गई और उन्हें पुलिस हिरासत में ले लिया गया. विधायक ने दावा किया कि शुरुआत में थाना प्रभारी ने पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया था, लेकिन बाद में भाजपा के उच्च स्तरीय नेताओं के दबाव में आकर पुलिस ने झूठी कहानी गढ़ते हुए दोनों युवकों को जेल भेज दिया.
विधायक का तीखा हमला
विधायक मंडावी ने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि ”भाजपा नेता सत्ता के अहंकार में इस कदर डूबे हुए हैं कि अब वे निर्दोष आदिवासियों को अपना निशाना बना रहे हैं. यह आदिवासियों के खिलाफ रचा गया एक गहरा षड्यंत्र है. पुलिस प्रशासन को भाजपा नेताओं के हाथों की कठपुतली बनकर काम नहीं करना चाहिए.”
कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रेस वार्ता के पश्चात, विधायक विक्रम मंडावी ने पीड़ित परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर एसडीएम भोपालपट्टनम के माध्यम से कलेक्टर बीजापुर को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की जाए. निर्दोष आदिवासी युवकों को तत्काल रिहाई दी जाए. साजिश रचने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो.
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता और प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, बसंत ताटी, कामेश्वर गौतम, सत्यम के.जी., मनोज यालम, रमेश पामभोई, और बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे.