जगदलपुर (डेस्क) – भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव ने रविवार को बस्तर जिले के प्रवास के दौरान ग्रामीणों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 129वां संस्करण सुना. भानपुरी मण्डल के ग्राम करन्दोला (बूथ क्रमांक 253) में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री के संबोधन को राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक बताया.

सीधा संवाद और प्रेरणा का माध्यम

​कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए किरण सिंह देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्ध करने की शक्ति देते हैं. उन्होंने कहा, “मन की बात कार्यक्रम केवल एक प्रसारण नहीं, बल्कि देश की करोड़ों जनता से सीधे संवाद का माध्यम है. इसमें साझा किए जाने वाले उदाहरण हमें राष्ट्र सेवा और जनभागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं.” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के विजन को अपनाकर अंतिम छोर के व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का कार्य करें.

बस्तर के हर बूथ पर गूंजी ‘मन की बात’

​भाजपा के संगठनात्मक निर्देशानुसार, रविवार को बस्तर जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र (बूथ) पर सामूहिक रूप से इस कार्यक्रम को सुनने की व्यवस्था की गई थी. इसके लिए संगठन द्वारा विशेष प्रभारी और मुख्य अतिथि भी नियुक्त किए गए थे.

बकावण्ड मण्डल : भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने ग्राम गुमडेल में कार्यकर्ताओं के साथ संबोधन सुना.

शहरी क्षेत्र : जगदलपुर शहर के विभिन्न वार्डों में भी उत्साह देखा गया. पश्चिम नगर मण्डल अध्यक्ष प्रकाश झा ने छत्रपति शिवाजी वार्ड में आमजनों के साथ कार्यक्रम में शिरकत की.

दिग्गज नेताओं की रही उपस्थिति

​इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही. कार्यक्रम में निर्देश दीवान, संतोष बघेल, महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, आर्येन्द्र सिंह आर्य, नरसिंह राव, सफीरा साहू, रामकुमारी यादव, योगेन्द्र पाण्डेय, श्रीधर ओझा, रजनीश पाणिग्रही सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण जन उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed