जगदलपुर (डेस्क) – सनातन संस्कृति और साधु-संतों के सम्मान की रक्षा के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रविवार को जगदलपुर के ऐतिहासिक सिरहासार चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेस के दिग्गज नेताओं—पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उप-मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव—के बयानों से आक्रोशित भाजपाइयों ने जमकर नारेबाजी की और दोनों नेताओं का पुतला दहन किया.

कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों पर जताया कड़ा विरोध

​प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा साधु-संतों और सनातन संस्कृति के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह भारतीय आस्था और परंपरा पर सीधा आघात है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सनातन संस्कृति हमारी आत्मा है और इसके सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

​भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज पटेल ने विरोध का कारण स्पष्ट करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भूपेश बघेल की टिप्पणी और टी.एस. सिंहदेव द्वारा मुगल शासकों का महिमामंडन करना कांग्रेस की ‘कुंठित मानसिकता’ को उजागर करता है.

चौक पर रही गहमागहमी

​सिरहासार चौक पर हुए इस उग्र प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारे लगाए. युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि साधु-संत भारतीय समाज की आत्मा हैं और उनका अपमान करने वालों को युवा मोर्चा सड़क पर उतरकर मुंहतोड़ जवाब देगा.

ये रहे उपस्थित

​इस प्रदर्शन में भारी संख्या में भाजपा और युवा मोर्चा के पदाधिकारी शामिल हुए. मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष विद्याशरण तिवारी, महापौर संजय पाण्डे, खेमसिंह देवांगन, आर्येन्द्र सिंह आर्य, रजनीश पाणिग्राही, आलोक अवस्थी, दिनेश के.जी. सहित अविनाश सिंह गौतम, ब्रिजेश शर्मा और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed