जगदलपुर (डेस्क) – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के प्रवक्ताओं के चयन हेतु चलाए जा रहे “नेशनल टैलेंट हंट” अभियान का पोस्टर बस्तर संभाग मुख्यालय, जगदलपुर के राजीव भवन में लॉन्च किया गया. शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य की उपस्थिति में हुए इस विमोचन कार्यक्रम में अभियान के उद्देश्य, आवेदन प्रक्रिया और चयन मापदंडों की विस्तृत जानकारी साझा की गई.
प्रतिभा को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और टैलेंट हंट कार्यक्रम के बस्तर जोन कोर्डिनेटर जावेद खान ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के उन प्रतिभाशाली युवाओं को एक सुनहरा मंच प्रदान करना है, जो कांग्रेस की रीति-नीति और विचारधारा में विश्वास रखते हैं तथा जिनकी लोकतंत्र एवं संविधान के प्रति पूर्ण आस्था है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में इस अभियान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. जावेद खान ने सूचित किया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार, संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला के कॉर्डिनेशन में एक प्रदेश स्तरीय समिति बनाई गई है ताकि यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.
महत्वपूर्ण तिथियां और चयन प्रक्रिया
प्रवक्ता चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन हेतु एक QR कोड और गूगल फॉर्म लिंक जारी किया गया है.
कांग्रेस प्रवक्ता चयन के लिए 20 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन भर सकते है. इसके बाद प्राप्त आवेदनों की 21 से 25 नवंबर तक स्क्रीनिंग होगी. वहीं 25 से 30 नवंबर तक रीजनल फिजिकल इंटरव्यू लिया जाएगा. इसके बाद 1 से 5 दिसंबर तक फाइनल फिजिकल इंटरव्यू एवं पैनल डिस्कशन किया जाएगा.
प्रवक्ता चयन के मापदंडों में कांग्रेस के मूल्यों के प्रति निष्ठा, राजनैतिक जागरूकता, त्वरित प्रतिक्रिया, कांग्रेस और देश के इतिहास की विस्तृत जानकारी, अच्छी कम्युनिकेशन स्किल और मजबूत भाषाई पकड़ शामिल हैं.
संविधान की रक्षा के लिए आव्हान
शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने इस दौरान कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे युवाओं को अपनी प्रखर आवाज बनाना चाहती है, जिनमें जोश और जुनून हो, और जो देश के संविधान तथा लोकतंत्र को बचाने की पार्टी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हों. उन्होंने यह भी जोड़ा कि केंद्र सरकार और प्रदेश की ‘सांय सरकार’ के जनविरोधी फैसलों से आम आदमी स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है, जिसके कारण इस प्रवक्ता चयन अभियान को पूरे छत्तीसगढ़ में युवाओं का भरपूर समर्थन मिल रहा है.
पोस्टर विमोचन के अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी रामशंकर राव, प्रभारी महामंत्री जाहिद हुसैन, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष लता निषाद, उपनेता कोमल सेना, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान, प्रदेश उपाध्यक्ष जीशान कुरैशी, अनुराग महतो सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने जागरूक नागरिकों से इस अभियान से जुड़कर कांग्रेस की आवाज बनने की अपील की.