जगदलपुर (डेस्क) – अब नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. जगदलपुर नगर निगम ने आज रविवार को नवीन आधार सेवा केंद्र (लोक सेवा केंद्र) एवं सीएससी का ऐतिहासिक शुभारंभ किया. महापौर संजय पांडे और नगर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन की उपस्थिति में शुरू हुए इस केंद्र को ‘नागरिक सुविधा का केंद्र बिंदु’ माना जा रहा है.
महापौर संजय पांडे ने इस अवसर पर कहा कि यह केंद्र जिला प्रशासन के निरंतर प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि इससे न केवल पार्षदों, बल्कि आम नागरिकों को भी त्वरित और सुगम सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा.
एक ही छत के नीचे, सभी काम पूरे
यह नया केंद्र आम जनता के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. अब आधार कार्ड के कार्यों से लेकर, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाएं, श्रम पंजीयन, ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, और सभी ऑनलाइन नागरिक सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी.
संजय पांडे ने बताया “नगर निगम क्षेत्र में लंबे समय से आधार सेवा केंद्र की आवश्यकता थी. छोटे-छोटे कार्यों के लिए नागरिकों को इधर-उधर भटकना पड़ता था. इस केंद्र की स्थापना से अब यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है.”
यह शुभारंभ समारोह एमआईसी सदस्यों, पार्षदों और लोक सेवा केंद्र के संचालक सुप्रीयो मुखर्जी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ.