जगदलपुर (डेस्क) – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रविवार को जगदलपुर के गुरु गोविंद सिंह वार्ड में माहरा समाज के नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया. इस भवन का निर्माण 1 करोड़ 63 लाख रुपए की लागत से किया गया है.

​मुख्यमंत्री का यहाँ पारंपरिक मोहरी बाजा के साथ भव्य स्वागत हुआ, जिसके बाद उन्होंने फीता काटकर भवन का विधिवत उद्घाटन किया. श्री साय ने माहरा समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए जगतू माहरा और धरमू माहरा के योगदान की सराहना की, जिन्होंने क्रमशः जगदलपुर और धरमपुरा की स्थापना की थी. उन्होंने कहा कि समाज ने भूमकाल जैसे आंदोलनों में भी सक्रिय भूमिका निभाई.

​अपने संबोधन में, मुख्यमंत्री ने माहरा समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस निर्णय से समाज के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लाभ मिलेगा.
​श्री साय ने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि 18 लाख आवासों को मंजूरी दी गई है और किसानों से 21 क्विंटल धान प्रति एकड़ 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है. उन्होंने नई उद्योग नीति के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया.

​मुख्यमंत्री ने बस्तर के विकास में माओवाद को सबसे बड़ी बाधा बताते हुए कहा कि सरकार इसके समूल उन्मूलन के लिए तेजी से काम कर रही है ताकि विकास कार्य सुचारू रूप से चल सकें. उन्होंने कहा कि नियत नेल्लानार योजना इस दिशा में दूरगामी परिणाम दे रही है.

​इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉरपोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, महापौर संजय पांडे, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक महेश गागड़ा, लच्छूराम कश्यप, बैदूराम कश्यप, सुभाऊ कश्यप, कलेक्टर हरिस एस. और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि और माहरा समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे.

माहरा समाज के संभाग अध्यक्ष राजू बघेल ने स्वागत भाषण दिया, शांति नाग ने प्रतिवेदन का वाचन किया और समाज के संरक्षक बिच्चेम पोंदी ने आभार व्यक्त किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *