जगदलपुर (डेस्क) – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रविवार को जगदलपुर के वन विद्यालय परिसर में आयोजित धुरवा समाज के संभाग स्तरीय नुआखाई मिलन समारोह में भाग लिया. इस अवसर पर उन्होंने नव-निर्मित सामाजिक भवन “ओलेख” का लोकार्पण किया और धुरवा समाज के विकास के लिए पाँच स्थानों पर डोम निर्माण हेतु ₹75 लाख की महत्वपूर्ण घोषणा की.

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई “धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना” और “प्रधानमंत्री जनमन योजना” का उल्लेख किया, जिन्हें आदिवासी गांवों और विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए लाया गया है. उन्होंने धुरवा समाज के वीर नायकों शहीद गुंडाधुर और डेबरीधुर को भी नमन किया.
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर के सांसद महेश कश्यप और जगदलपुर के विधायक किरण देव भी मौजूद थे. इन सभी गणमान्य व्यक्तियों ने धुरवा समाज को नुआखाई पर्व की बधाई दी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नवनिर्मित भवन समाज के सभा-सम्मेलन और विकास कार्यों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए बताया कि उन्होंने ही जनजातीय कल्याण के लिए भारत सरकार में अलग से जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था.

इस कार्यक्रम में चित्रकोट के विधायक विनायक गोयल, दंतेवाड़ा के विधायक चैतराम आटामी, छत्तीसगढ़ ब्रेवरेज कारपोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय के साथ-साथ कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर हरिस एस और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा भी उपस्थित थे.
धुरवा समाज के संभागीय अध्यक्ष पप्पू नाग ने अतिथियों का स्वागत किया और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी. समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक छतड़ी, धुरवा तुवाल, कोटी और तीर-धनुष भेंटकर आत्मीय स्वागत किया.