जगदलपुर (डेस्क) – प्रदेश में ट्रैक सूट खरीदी में हुए कथित करोड़ों रुपये के घोटाले को लेकर राजनीति गरमा गई है. कांग्रेस ने इस मामले में सीधे तौर पर भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और तानाशाही का आरोप लगाया है. कांग्रेस का दावा है कि इस घोटाले का खुलासा करने वाले युवा कांग्रेस के महासचिव भावेश शुक्ला और NSUI के जिलाध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी पर झूठी FIR दर्ज कर सरकार ने बदले की राजनीति की है.

भ्रष्टाचार की परतें उजागर करने का दावा

​युवा कांग्रेस और NSUI ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि ट्रैक सूट खरीदी में करोड़ों का खेल हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संरक्षण में भ्रष्टाचार चरम पर है. कांग्रेस ने इस घोटाले के साथ-साथ सफाई कर्मचारियों के टेंडर, रोटी मशीन और जग खरीदी में भी बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी का आरोप लगाया. युवा कांग्रेस का दावा है कि भाजपा के बालोद ज़िला महामंत्री सौरभ लूनिया हर फाइल और निर्णय में सीधा हस्तक्षेप करते हैं.

विरोध प्रदर्शन और दमन का आरोप

​कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है. उनका कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया और उन पर झूठे मुकदमे थोपे गए. इसी दमन के विरोध में युवा कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं ने जगदलपुर के संजय मार्केट में गृहमंत्री का पुतला दहन कर अपना जोरदार विरोध दर्ज कराया.

कांग्रेस नेताओं ने दी कड़ी चेतावनी

​बस्तर जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अजय बिसाई ने कहा, “भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हैं कि ट्रैक सूट से लेकर सफाई टेंडर तक हर जगह कमीशन का खेल चल रहा है. हम किसी धमकी से नहीं डरते और हर घोटाला जनता के सामने उजागर करेंगे.”

​बस्तर जिला NSUI के अध्यक्ष विशाल खम्बारी ने कहा कि सच बोलने वालों पर FIR दर्ज करना तानाशाही है. उन्होंने सरकार से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.

​युवा कांग्रेस नेता आदित्य सिंह बिसेन ने कहा, “भाजपा सरकार भ्रष्टाचार की जननी बन चुकी है. झूठी FIR राजनीतिक प्रतिशोध का सबूत है. हम इस लड़ाई को सड़कों से लेकर विधानसभा तक लड़ेंगे.”

​इस विरोध प्रदर्शन में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य, पूर्व विधायक रेखचन्द जैन, और अन्य कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed