जगदलपुर (डेस्क) – संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में पार्किंग की अव्यवस्था एक बड़ी समस्या बन गई है. इस गंभीर मुद्दे पर सामाजिक संगठन पब्लिक वॉइस ने आवाज़ उठाई है और प्रशासन को जल्द समाधान निकालने की चेतावनी दी है. संगठन का कहना है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आम जनता और व्यापारियों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन करेंगे.
आम लोग और व्यापारी परेशान
संगठन के रोहित सिंह आर्य ने बताया कि जगदलपुर में खरीदारी और अन्य कामों के लिए प्रतिदिन हजारों लोग आते हैं, लेकिन पूरे शहर में कहीं भी व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा नहीं है. इसके बावजूद यातायात विभाग द्वारा लगातार चालान काटे जा रहे हैं, जिससे आम नागरिक और व्यापारी दोनों परेशान हैं.
रोहित सिंह आर्य ने कहा, “सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जहां पार्किंग की सुविधा नहीं है, वहीं चालानी कार्रवाई की जाती है. इससे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और ग्राहकों की संख्या भी घट रही है.”
मुख्य मांगें –
पब्लिक वॉइस ने प्रशासन से तीन प्रमुख मांगें रखी हैं :
1. पूर्व में चिन्हांकित मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण तुरंत शुरू किया जाए.
2. शहर के मुख्य मार्गों पर तत्काल व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था की जाए.
3. जब तक पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक चालान काटने पर रोक लगाई जाए.
रोहित सिंह आर्य ने यह भी कहा कि शहर की अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था से बस्तर आने वाले पर्यटकों पर गलत असर पड़ता है, जिससे शहर की छवि खराब होती है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह समस्या न केवल व्यापार को प्रभावित करेगी बल्कि शहर की आर्थिक गतिविधियों पर भी नकारात्मक असर डालेगी.
पब्लिक वॉइस ने साफ कर दिया है कि वे अपनी मांगों को मनवाने के लिए व्यापारियों और आमजनों के साथ मिलकर आंदोलन की पूरी तैयारी कर रहे हैं.