जगदलपुर (डेस्क) – जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल मोबाइल फ़ोन नेटवर्क की वजह से ग्रामीणों को विभिन्न तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. ऐसी ही समस्याओं से परेशान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से क्षेत्र में बेहतर मोबाइल फोन नेटवर्क सुविधा प्रदान करने की मांग की है.

जिले के बस्तर ब्लॉक के ग्राम पंचायत कुंदगुड़ा मधोता 2 खैरगुड़ा में मोबाइल फ़ोन नेटवर्क की समस्या ने ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ा दी है. खराब मोबाइल नेटवर्क के कारण ग्रामीणों को ऑनलाइन आवेदन करने में समस्या हो रही है. वहीं खराब मोबाइल नेटवर्क की वजह से शासकीय योजनाओं का काम भी नही हो पा रहा है. जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है.

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सभी मोबाइल सिम प्रदाता कंपनियों ने रिचार्ज प्लान महंगा कर दिया है, लेकिन सेवा में कोई सुधार नही हुआ है. दुनिया 5 जी में पहुंच गई पर उनके ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल फ़ोन नेटवर्क कनेक्टिविटी बहुत ही खराब हालत में है. इससे ग्रामीणों को ऑनलाइन आवेदन करने, शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने में भी परेशानी हो रही है. जिसके बाद अब ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जिओ और अन्य मोबाइल फोन सिम प्रदाता कंपनियों को रिचार्ज प्लान और पैसे खर्च करने के अनुसार सेवा प्रदान करने के नियम को लागू करने की मांग की है. इसके साथ ही ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को इस समस्या का जल्द समाधान कर क्षेत्र में बेहतर मोबाइल फोन नेटवर्क सुविधा प्रदान करने की भी मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed