जगदलपुर (डेस्क) – शहर में बीते सोमवार की दोपहर एक नाबालिग के साथ हैरान करने वाली की घटना हुई है. इस घटना में एक आरोपी ने नाबालिग पर धारदार हथियार से हमला किया है. वहीं मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी की तलाश में निकली पुलिस को आरोपी महारानी अस्पताल में घायल अवस्था में मिला है. फिलहाल इस मामले में पुलिस के द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.
सीएसपी आकाश श्रीश्रीमाल ने बताया कि शहर के लालबाग में रहने वाला एक नाबालिग बीते सोमवार की दोपहर करीबन 1 या 1:30 बजे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित तालाब के पास गया हुआ था. इसी दौरान राहुल नाम का एक युवक भी वहां पहुंच गया. इसके बाद युवक ने नाबालिग के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करना शुरू कर दिया. इसी बीच आरोपी ने अपने पास रखे एक धारदार हथियार से नाबालिग पर हमला कर दिया. हमलावर के इस हमले में नाबालिग के कान और हाथ में चोट लगी है. घटना के बाद नाबालिग के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया. रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई. इसी दौरान पुलिस को महारानी अस्पताल में आरोपी के होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस भी महारानी अस्पताल पहुंच गई. सीएसपी ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में था और उसके सर में चोट लगने की वजह से उसे महारानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इसके साथ ही सीएसपी ने बताया कि अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जाएगी.