सुकमा (नवीन कश्यप). पुलिस ने फ़ोर्स को नुकसान पहुंचाने की नीयत से बीते दिनों भारी भरकम घातक विस्फोटक प्लांट करने वाले दो नक्सलियों को आज मंगलवार को गिरफ्तार किया है. इस दौरान पुलिस ने इन गिरफ्तार नक्सलियों के पास से कुछ विस्फोटक सामाग्री भी बरामद किया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 28 दिसम्बर 2024 को सुकमा जिले के पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के गोरगुण्डा – पोलमपल्ली के बीच फ़ोर्स के जवान एरिया डोमिनेशन पर सर्चिंग पर निकले हुए थे. इसी दौरान फ़ोर्स को मुखबिर से दोरनापाल और जगरगुंडा के रास्ते में फ़ोर्स को नुकसान पहुंचाने की नीयत से नक्सलियों द्वारा 15 – 15 किलो वजनी दो आईईडी बम प्लांट की सूचना मिली थी. जिसके बाद फ़ोर्स के जवानों ने सतर्कता बरतते और सूझबूझ से दोनों आईईडी बम को बरामद कर लिया. आवश्यक कार्यवाही करने के बाद जवानों ने दोनों 15 – 15 किलो वजनी आईईडी बम को मौके पर ही नष्ट कर दिया था. इसके बाद सीआरपीएफ 159, 226 बटालियन और जिला पुलिस बल की एक टीम उक्त बमों को प्लांट करने वाले नक्सलियों की तलाश में जुटी हुई थी. पतासाजी के दौरान ही जवानों ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया. पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपी माड़वी लक्का (20) निवासी उपमपल्ली और माड़वी हांदा (24) निवासी ताड़मेटला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह दोनों नक्सलियों के लिए काम करते है. माड़वी लक्का नक्सलियों के उपमपल्ली पंचायत मिलिशिया प्लाटून सदस्य और माड़वी हांदा दुलेड़ आरपीसी मिलिशिया सदस्य के पद पर पदस्थ है. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान जवानों ने इन नक्सलियों के पास से 6 नग जिलेटिन रॉड और 1 गुच्छा कॉर्डेक्स वायर बरामद किया है. आवश्यक कार्यवाही करने के बाद पुलिस ने दोनों नक्सलियों को जेल भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed