जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में लगातार अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ, सट्टा समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस को आज सोमवार को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने लाखों रुपयों का गांजा सप्लाई कर रहे एक गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में एक आदमी संदिग्ध सामान लेकर जगदलपुर की तरफ से रायपुर की तरफ जा रहा है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर भानपुरी टीआई किशोर केंवट के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तैयार किया गया. इसके बाद पुलिस ने एनएच 30 में नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. चेकिंग के दौरान ही पुलिस ने जगदलपुर की तरफ से आ रहे एक बोलेरो वाहन एपी 31 बी 3489 को जांच के लिए रोक लिया. रोकने के बाद पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ करते हुए वाहन की तलाशी लेना शुरू किया. इस तलाशी में पुलिस ने बोलेरो वाहन के टॉप सीलिंग में बड़े ही शातिराना तरीके से छुपाकर रखा हुआ 111 किलो गांजा बरामद किया. जिसकी कीमत 5 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है. गांजा बरामद होते ही पुलिस ने वाहन चालक को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में आरोपी अरविंद जायसवाल (50) निवासी उत्तरप्रदेश ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह यह गांजा उत्तरप्रदेश में बेचने की फिराक में था. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है. पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.