जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बीते दिनों नगरनार थाना क्षेत्र से एक नाबालिक का अपहरण करने और उसके साथ बलात्कार करने वाले आरोपी को पुलिस ने आज सोमवार को गिरफ्तार कर लिया है. आवश्यक कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार बीते दिनों नगरनार थाना क्षेत्र में रहने वाले एक प्रार्थी ने थाने में उसकी नाबालिक बेटी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला फुसलाकर उसका अपहरण करने का मामला दर्ज करवाया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर नगरनार थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मीणा (प्रशिक्षु आईपीएस) के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को आरोपी की पतासाजी के लिए रवाना किया गया. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त नाबालिक लड़की को बजावण्ड में देखा गया है. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम बजावण्ड पहुंच गई. स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए पुलिस की टीम ने नाबालिक लड़की को तिरनाथ बघेल (23) निवासी बजावण्ड के घर से बरामद कर लिया. मिली जानकारी के अनुसार आरोपी ने नाबालिक लड़की का अपहरण करने के बाद उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध भी बनाया था. पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद पुलिस ने धारा 363, 366, 376 भादवी, 06 पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.