सुनील कश्यप, जगदलपुर। पुलिस ने बीते कल मंगलवार को दो अलग अलग मामलों में शहर में गांजे की तस्करी कर रहे चार तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से लाखों रुपयों का गांजा भी जब्त किया है।

सीएसपी विकास कुमार ने पहले मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आमागुड़ा चौक में दो युवक अपने बैग में संदिग्ध सामान लेकर बस का इंतजार कर रहे है। सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर कोतवाली टीआई अमित शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को तुरंत ही आमागुड़ा चौक के लिए रवाना किया गया। आमागुड़ा चौक में पहुंचते ही पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी करते हुए दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। उनसे पूछताछ करते हुए पुलिस ने युवकों के पास रखे बैग की तलाशी ली। इस तलाशी में पुलिस ने युवकों के बैग से लगभग 22 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 1 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों रिजवान (36) और मो. आकिब दोनों निवासी उत्तरप्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका एक और साथी एनएमडीसी चौक में खड़ा है। जिसके बाद पुलिस की दूसरी टीम ने एनएमडीसी चौक में दबिश देते दो लोगों मो. सैफ इमरोज (34) निवासी उत्तरप्रदेश और तोकापाल निवासी रामदास (50) को धर दबोचा। तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास रखे बोरे से लगभग 23 किलो गांजा बरामद किया। जिसकी कीमत 1 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। कड़ी पूछताछ में उत्तरप्रदेश निवासी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह यह गांजा तोकापाल निवासी रामदास से खरीदकर बेचने के लिए उत्तरप्रदेश लेकर जाने की फिराक में थे। वहीं इस मामले में शामिल रामदास ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस की धारा 20 (ख) i i (ग) के तहत मामला दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed