जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में आज सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी सफलता मिली है. जवानों ने मुठभेड़ के बाद भाग रहे 5 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा सुकमा एसपी ने मुठभेड़ में 4-5 नक्सलियों के घायल होने का दावा भी किया है.

जानकारी देते हुए सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नक्सलियों के कोंटा एरिया कमेटी की मौजूदगी एर्राबोर इलाके में है. और इस इलाके में नेशनल हाइवे में नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना मिलते ही जिला बल और डीआरजी की संयुक्त टीम को कार्यवाही के लिए एर्राबोर क्षेत्र में रवाना किया गया. जहां एर्राबोर थाना क्षेत्र के ग्राम कोत्तालेंडरा के जंगल में पुलिस पार्टी को अपनी ओर आता देख नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जिसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों के ऊपर जवाबी कार्यवाही किया. और इस जवाबी कार्यवाही में जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए. मुठभेड़ के बाद जवानों ने नक्सलियों का पीछा किया. और भागते हुए पांच नक्सली को घेराबंदी करके धर दबोचा. इसके साथ ही सुकमा एसपी ने 4 से 5 नक्सलियों के घायल होने का दावा किया है. जिन्हें साथी नक्सलियों द्वारा अपने साथ लेकर भाग गए है. उन्होंने बताया कि फिलहाल मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है.

इधर, 24 मार्च को देश के गृहमंत्री अमित शाह अपने 2 दिवसीय बस्तर दौरे पर आ रहे हैं. और लगातार अंदरूनी क्षेत्रों में नक्सली गृहमंत्री के दौरे का विरोध भी करते नजर आ रहे हैं. और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नक्सली घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. जिसके चलते आज सुकमा जिले के एर्राबोर इलाके में कोंटा एरिया कमिटी नापाक मंसूबों को अंजाम देने की फिराक में थे. जिनके नापाक इरादों को सुकमा पुलिस ने निस्तनाबूद कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed