जगदलपुर। बीते दिनों कोतवाली थाना क्षेत्र के गोरिया बहार नाला पर बने पुल में राहगीरों पर तलवार लहराकर डराने धमकाने वाले 5 गुंडों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के पास से एक धारदार तलवार के साथ एक कार भी जब्त किया है।
बता दें कि, बीते दिनों सोशल मीडिया में वायरल हुई एक वीडियो के तहत गोरिया बहार नाले पर बने पुल में कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा वहां से गुजरने वाले राहगीरों पर क्षेत्र में दहशत फैलाने की नीयत से तलवार लहराकर डराने धमकाने की कोशिश की जा रही थी। इसी बीच एक पीड़ित ने इस मामले को लेकर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत मिलते ही पुलिस तत्काल ही उक्त आरोपियों की पतासाजी में जुट गई। पतासाजी के दौरान पुलिस ने शक करते हुए 5 आरोपी अल्फाज अली (21) निवासी इतवारी बाजार, हरेकृष्ण पांडेय (20) निवासी हिकमीपारा, मो. सैफुद्दीन (19) निवासी दंतेश्वरी वार्ड, रितेश पटवा (22) निवासी चांदनी चौक और मोइद्दीन उर्फ मोनू (23) निवासी इतवारी बाजार को पकड़ लिया। कड़ी पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में एक कार सीजी 07 एम 6655 समेत एक धारदार तलवार भी जब्त किया है।