जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले में आज शुक्रवार की तड़के सुबह सुरक्षाबल के जवानों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। जवानों ने सुरक्षाबल को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों द्वारा लगाए गए 10 किलो वजनी एक आईईडी बम बरामद किया है। बम बरामद करने के बाद जवानों ने उक्त बम को तत्काल ही मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीबन 3 बजे सीआरपीएफ 231 वीं बटालियन के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जवानों की एक टीम ग्राम बैनपल्ली के इलाके में सर्चिंग पर निकली हुई थी। सर्चिंग के बाद जवानों की टीम वापस कैम्प लौट रही थी। इसी दौरान जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने उनके रास्ते में आईईडी बम लगा रखा था। जिस पर जवानों की टीम में शामिल बम निरोधक दस्ते की नजर पड़ गई। इसके बाद बम निरोधक दस्ते के जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ इलाके की बारीकी से छानबीन करते हुए नक्सलियों द्वारा लगाए गए 10 किलो वजनी एक आईईडी बम बरामद कर लिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने आईईडी बम को तत्काल ही मौके पर निष्क्रिय कर दिया। इस तरह जवानों की सतर्कता के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई। मिली जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ 231 बटालियन द्वारा अभी तक दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर और सुकमा जिले के जगरगुंडा इलाकों से कुल 132 आईईडी बम बरामद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed