जगदलपुर। बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में आज मंगलवार को सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान होने का दावा पुलिस ने किया है।
सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि जिले के गोलापल्ली थाना क्षेत्र के ग्राम रायगुड़म और तारलागुड़म के जंगलों में डीआरजी और सीआरपीएफ एक संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली हुई थी। इसी दौरान नक्सली वहां कुछ राहगीरों के सामानों को लूटपाट कर रहे थे। जिसे देखकर जवानों ने नक्सलियों को लूटपाट नही करने की चेतावनी दी। जवानों को देखते ही नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। हमला होते देख जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई शुरू की। नक्सलियों और जवानों के बीच अभी भी जबरदस्त मुठभेड़ जारी है। एसपी ने बताया कि इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। इसके साथ ही सुरक्षाबल के सभी जवान सुरक्षित है।