चेतन कापेवार, बीजापुर। जिले में बीते दिनों हुए मुठभेड़ में सुरक्षाबल के जवानों ने एक जिंदा नक्सली को पकड़ने में सफलता हांसिल की है। इसके साथ ही पुलिस ने इस मुठभेड़ में कई अन्य नक्सलियों को मारने का दावा किया है।
मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल को बीते शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मोदकपाल थाना क्षेत्र के ग्राम बोंगला और पंगुर के जंगलों में 20 से 25 नक्सली टेंट लगाकर रुके हुए है। जिनमें बड़े नक्सली लीडर भी शामिल है। सूचना मिलते ही डीआरजी, एसटीएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम को तत्काल ही मौके पर के लिए रवाना किया गया। सुरक्षाबल की टीम नक्सलियों द्वारा छोड़े गए निशानों के सहारे उनका पीछा करते हुए रविवार को उनके ठिकाने तक पहुंच गई। इसके बाद जवानों ने इलाके की घेराबंदी करते हुए सभी नक्सलियों को सरेंडर करने की बात कही। लेकिन नक्सलियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया। हमला होते देख जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाते हुए वहां से फरार हो गए। मुठभेड़ खत्म होने के बाद जवानों ने घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन चलाया। जिसमें जवानों ने मौके पर से एक घायल नक्सली को पकड़ा है। इसके साथ ही जवानों ने घटनास्थल से 1 एसएलआर रायफल, 29 राउंड गोलियां, 1 इंसास रायफल, 4 गोलियां, 1 थ्री नॉट थ्री बंदूक, 6 राउंड उसकी गोलियां, विस्फोटक, माओवादी साहित्य और अन्य दैनिक उपयोगी सामान बरामद किया है। जवानों ने मौके पर नक्सलियों के खून के धब्बे, घायल नक्सलियों के घसीटने के साथ 2 से 3 नक्सलियों के मारे जाने का दावा भी किया है। पकड़े गए घायल नक्सली के पास से जवानों ने एक हैंड ग्रेनेड, 5 डेटोनेटर, एक 12 बोर बंदूक और उसके 10 राउंड गोलियां भी बरामद किया है।