जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी)। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में आज शनिवार को मलेरिया से पीड़ित एक मासूम छात्र ने दम तोड़ दिया है। मामला जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक के मिरतुर का है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मिरतुर में स्थित बालक आश्रम तामोड़ी में दिनेश तेलम नाम का एक छात्र दूसरी कक्षा में पढ़ रहा था। बीते तीन दिनों से वह बीमार चल रहा था। इसके साथ ही दो दिनों से उसका ईलाज मिरतुर अस्पताल में चल रहा था। बीती रात दिनेश खाना खाने के बाद वह सो गया। लेकिन वह आज की सुबह नही देख पाया। मृतक तामोड़ी गांव का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक छात्र के परिजन मिरतुर पहुंच गए है। बताया गया है कि आश्रम में अभी भी तीन छात्र मलेरिया से पीड़ित है।