सुकमा- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मेट्टागुड़म कैंप में पदस्थ CRPF के एक उपनिरीक्षक की खुद को गोली मारने से मौत हो गई. घटना 13 अक्टूबर की मध्यरात्रि करीब 12 से 12:30 बजे के बीच की बताई जा रही है. मृतक की पहचान देवानंद यादव के रूप में हुई है, जो CRPF की 131वीं वाहिनी में उपनिरीक्षक के पद पर पदस्थ थे.
सुकमा पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के अनुसार उपनिरीक्षक देवानंद यादव ने अज्ञात कारणों से अपने सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली. घटना के बाद कैंप में मौजूद साथी जवानों और अधिकारियों ने उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए फील्ड एंबुलेंस से इल्मागुड़ा कैंप पहुंचाया. हालांकि उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की. उपनिरीक्षक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया. इसकी विस्तृत जांच की जा रही है. मृतक देवानंद यादव उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बरहज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करजहा के निवासी थे. पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके पार्थिव शरीर को ससम्मान गृह ग्राम रवाना कर दिया गया है. फिलहाल घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.