सुकमा – जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र के पालाचलमा गांव के पहाड़ी-जंगल इलाके में सुरक्षा बलों ने नक्सल डम्प का खुलासा करते हुए 13 हथियार, 46 जिंदा कारतूस और 208 नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए हैं. कार्रवाई 12 अक्टूबर को आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर की गई. अभियान में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम शामिल रही. पुलिस के अनुसार जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत जंगलों और दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की तलाश की जा रही है. इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में पालाचलमा क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया गया. तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले छिपाकर रखा गया डम्प मिला.
बरामद हथियारों में दो .303 रायफल, एक सिंगल शॉट, चार बीजीएल लांचर, तीन 12 बोर रायफल, दो भरमार और एक देशी कट्टा शामिल हैं. इसके अलावा तीन इंसास मैगजीन में 26 जिंदा राउंड तथा 12 बोर के 20 जिंदा कारतूस मिले। मौके से एक तीर बम, दो बीजीएल सेल, एक वायरलेस सेट, दो चार्जर और एक मैगजीन पाउच भी बरामद किया गया. सर्चिंग के दौरान 303 रायफल के दो, इंसास रायफल के दो, एके-47 रायफल के तीन और 12 बोर के दो खाली खोखे भी मिले। पुलिस ने बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.