सोने के झुमके गिरवी रख डेढ़ लाख रुपये डकारने वाली महिला गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

जगदलपुर. बस्तर पुलिस ने गरीबों को झांसा देकर उनके सोने के आभूषणों का गबन करने वाले शातिर तत्वों के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है. कोतवाली पुलिस ने एक महिला को प्रार्थी के सोने के झुमके धोखाधड़ी से गिरवी रखकर करीब डेढ़ लाख रुपये की राशि हड़पने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी महिला पुलिस पूछताछ के दौरान लगातार आनाकानी कर रही थी, साक्ष्य छुपाने का प्रयास कर रही थी और विवेचना में बिल्कुल भी सहयोग नहीं कर रही थी.

​यह पूरा मामला वर्ष 2024 से जुड़ा हुआ है, जब प्रार्थी की बेटी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उसे पैसों की सख्त जरूरत थी. इसी दौरान प्रार्थी ने सोने के झुमके का सही तौल और कीमत पता करने के लिए उसे एक युवक को सौंपा था. मगर उस युवक ने अपनी मां नीतू नागवानी के साथ मिलकर एक सोची-समझी साजिश रची. दोनों ने प्रार्थी को बिना बताए उन सोने के झुमकों को किसी अन्य व्यक्ति के पास गिरवी रख दिया और उससे मिली रकम का स्वयं उपयोग कर लिया. जब पीड़ित ने अपने सोने के झुमके वापस मांगे, तो आरोपियों ने साफ मुकरते हुए किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया और पैसे देने से भी मना कर दिया. धोखाधड़ी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने थाना कोतवाली में इस बेइमानी की रिपोर्ट दर्ज कराई. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशा निर्देश में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले को जांच में लिया।ल. पुलिस ने जब मोती तालाब पारा, निवासी 45 वर्षीय आरोपी महिला नीतू नागवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो वह लगातार बहाने बनाती रही और सोने के झुमके रखने के संबंध में सही जानकारी देने से बचती रही. पुलिस जांच में सहयोग न करने और साक्ष्य छुपाने की कोशिश करने पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया. आखिरकार आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles