जगदलपुर (डेस्क) – जिले में एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ है. जिसे पहले सड़क दुर्घटना (एक्सीडेंट) माना गया था, वह असल में ₹20,000 की सुपारी देकर कराई गई एक साज़िशी हत्या निकली है. इस जघन्य अपराध में मृतक के चचेरे भाई और उसकी बहू समेत कुल तीन रिश्तेदार शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
सड़क किनारे हुई मौत का रहस्य
मामला दरभा थाना क्षेत्र की चौकी पखनार का है. बीते 4 नवंबर 2025 की रात करीब 9 बजे, पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गुमड़पाल और केलाऊर के बीच मेन रोड पर कमलू पोयामी नामक व्यक्ति का एक्सीडेंट हो गया है, जिससे उसकी मौत हो गई है. प्रार्थी सुखराम पोयामी की रिपोर्ट पर 5 नवंबर को मर्ग कायम कर दुर्घटना की विवेचना शुरू की गई.
₹20,000 में हुआ सौदा, फरसे से वार !
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश और एसडीओपी लक्ष्मण सिंह पोटाई के पर्यवेक्षण में जब पुलिस ने गहनता से जांच और पूछताछ की, तो परतें खुलती चली गईं. परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि जादू टोने करने के शक में मृतक कमलू पोयामी की हत्या उसी के चचेरे भाई हिड़मा पोयामी और उसकी बहू पालो पोयामी ने कराई थी. उन्होंने हत्या को अंजाम देने के लिए अपने रिश्तेदार प्रवीण मड़काम उर्फ सुनील उर्फ बोके को ₹20,000 की सुपारी दी थी!
गिरफ्तारी के बाद आरोपी प्रवीण मड़काम ने अपना जुर्म कबूल किया. उसने पुलिस को बताया कि उसने फरसे से मारकर कमलू पोयामी की रोड पर हत्या की. हिड़मा और पालो पोयामी ने भी पूछताछ में हत्या के लिए प्रवीण को ₹20,000 देने की बात स्वीकार की है.
तीनों कातिल सलाखों के पीछे
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों– हिड़मा पोयामी, पालो पोयामी, और प्रवीण मड़काम– को आज बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है.
पुलिस की यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के पर्यवेक्षण में चौकी पखनार पुलिस बल द्वारा की गई है, जिसने इस ‘एक्सीडेंट’ के पीछे छिपी खूनी साज़िश का पर्दाफाश किया है.