जगदलपुर- बस्तर जिला युवा कांग्रेस (ग्रामीण) के नवनियुक्त तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष नकुल मौर्य ने भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपनी राजनीतिक निष्ठा स्पष्ट की है. और प्रेस विज्ञप्ति जारी की है. प्रेस विज्ञप्ति में नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष नकुल मौर्य ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे लगातार कांग्रेस के कार्यक्रमों और जनहित के कार्यों में सम्मिलित होते आ रहे हैं. उन्होंने कभी भी भाजपा के किसी बैठक या राजनीतिक कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया है.

नकुल मौर्य ने खुलासा किया कि उन्हें पूर्व में भाजपा द्वारा केवल बहला-फुसलाकर कार्यालय ले जाया गया था, लेकिन उन्होंने न तो उनकी सदस्यता ली और न ही उनके किसी आयोजन में शामिल हुए. भाजपा कार्यालय ले जाए जाने के मात्र तीसरे ही दिन, उन्होंने तत्कालीन अध्यक्ष सहदेव नाग एवं पूरी ब्लॉक कार्यकारिणी के समक्ष विधिवत रूप से कांग्रेस प्रवेश किया था. तब से वे निरंतर पार्टी की मजबूती के लिए मैदान में डटे हुए हैं. नकुल ने कहा कि भाजपा मेरी नियुक्ति से डर गई है, इसलिए झूठी अफवाहें फैला रही है. मेरी पहचान और मेरा काम हमेशा से कांग्रेस की विचारधारा के साथ रहा है. मैं पूरी निष्ठा के साथ युवा कांग्रेस को मजबूत करने और जन-जन तक कांग्रेस की नीतियों को पहुँचाने का काम करूँगा. युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अभिषेक डेविड द्वारा जारी आधिकारिक कार्यकारिणी में स्थान मिलने के बाद से ही विपक्षी खेमे में हलचल काफी तेज है.

दरअसल ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भाजपा की प्रदेश कार्य समिति अध्यक्ष रामबती भंडारी ने कांग्रेस संगठन पर निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस के पास अब जमीनी स्तर के कार्यकर्ता नहीं बचे हैं, इसीलिए भाजपा की सदस्यता ले चुके व्यक्ति को ही युवा कांग्रेस का ब्लॉक अध्यक्ष बना दिया गया है. जिसका पलटवार करते हुए नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष नकुल मौर्य ने अपना बयान जारी किया है.

आप को बता दें कि छत्तीसगढ़ के बस्तर में कांग्रेस पार्टी अपने संगठन को मजबूत करने की दृष्टि में आगे बढ़ रही है. और ब्लॉक स्तर से लेकर अन्य पदों पर लगातार सक्रिय कार्यकर्ताओं को नियुक्ति की जा रही है. इसी बीच बस्तर जिले में युवा कांग्रेस ने तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति नकुल मौर्य के रूप में की थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *