चेतन कापेवार, बीजापुर। सुरक्षा बल के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए प्रेशर आईडी बम की चपेट में आने से आज एक महिला घायल हो गई है जिसे उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करतम जोगक्का गाय चराने के लिए जंगल गई हुई थी। इसी दौरान नरोनापल्ली के जंगलों में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी बम पर उसका पैर पड़ गया जिसकी वजह से आईईडी ब्लास्ट हो गया। और इस ब्लास्ट में महिला घायल हो गई है। जिसके बाद आसपास के ग्रामीणों की सूचना और मदद से घायल महिला को भोपालपटनम के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए रवाना किया गया है। इसके अलावा घटनास्थल प सुरक्षाबल के जवानों को भी रवाना कर दिया गया है।
नक्सली हमेशा से ही सुरक्षाबल के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी बम का इस्तेमाल करते आए हैं और इस बम से जवानों को काफी नुकसान भी हुआ है। साथ ही जवानों के अलावा बस्तर संभाग के अंदरूनी इलाकों में नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए प्रेशर आईईडी बम का शिकार ग्रामीण व मवेशी हमेशा से होते आए हैं।