जगदलपुर (डेस्क) – शहीद गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, जगदलपुर के लिए यह सप्ताह गौरव और खुशी लेकर आया है. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के अंतर्गत संचालित इस महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कांकेर में आयोजित साउथ जोन अंतर्महविद्यालयीन खेल प्रतियोगिता 2025 में एक अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विनर्स ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है.

शानदार प्रदर्शन, ढेरों पदक

​अधिष्ठाता डॉ. आर. एस. नेताम के मार्गदर्शन और खेल प्रभारी डॉ. आर. आर. कंवर के नेतृत्व में महाविद्यालय की 42 सदस्यीय टीम ने दिनांक 26 नवंबर से 29 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भाग लिया. टीम मैनेजर डॉ. नीता मिश्रा और गंगाधर ने बताया कि 16 विधाओं के खेल में जगदलपुर के युवा खिलाड़ियों ने उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया.

​गोल्ड मेडल्स की झड़ी लगाते हुए गर्ल्स टीम ने कबड्डी, वॉलीबॉल, 800 मीटर दौड़, जेवलिन थ्रो, ऊंची कूद, बैडमिंटन सिंगल, टेबल टेनिस डबल, और शॉटपुट में पहला स्थान हासिल किया. वहीं, बॉयज टीम ने खो-खो, 100 मी, 200 मी, 400 मी दौड़, बैडमिंटन डबल और जेवलिन थ्रो में गोल्ड पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.

दीपशिखा बनी साउथ जोन की ‘बेस्ट प्लेयर’

​इस जीत में सबसे चमकदार सितारा रहीं महाविद्यालय की प्रथम वर्ष की छात्रा दीपशिखा. अपने बहुमुखी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन और शॉटपुट में गोल्ड मेडल जीते. उनके इसी शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें साउथ जोन की ‘बेस्ट प्लेयर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया.

महाविद्यालय में जश्न का माहौल

​विधायक आशाराम नेताम और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ. सभी विधाओं में छात्र-छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण जगदलपुर की टीम को विनर्स ट्रॉफी से सम्मानित किया गया.

​दल की वापसी पर पूरे महाविद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है. अधिष्ठाता महोदया ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं. इस ऐतिहासिक जीत ने शहीद गुंडाधुर कृषि महाविद्यालय का नाम पूरे विश्वविद्यालय में रोशन कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed