जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर के छात्र-छात्राओं के लिए एक उत्कृष्ट खबर सामने आई है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव के लगातार प्रयासों से, शहर के दो प्रमुख शिक्षण संस्थानों में वर्षों पुरानी मांगें जल्द पूरी होने वाली हैं. शिक्षा के क्षेत्र में बस्तर को अग्रणी बनाने के अपने लक्ष्य के तहत, श्री देव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा को पत्र लिखकर इन महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की स्वीकृति मांगी थी.

उच्च शिक्षा के लिए मिलेगी बेहतर सुविधा

● ​दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय (कन्या) : छात्राओं को आधुनिक अध्ययन सुविधा देने के लिए, महाविद्यालय में चार प्रयोगशाला भवनों के निर्माण कार्य को जल्द ही शासन से स्वीकृति मिलेगी. यह वर्षों से अध्ययनरत छात्राओं और शिक्षकों की सबसे बड़ी मांग थी, जो अब पूरी होने जा रही है.

● ​शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय : विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए, महाविद्यालय में एक नए विज्ञान भवन के निर्माण की स्वीकृति भी जल्द ही प्राप्त होगी.

विधायक किरण देव बोले : “बस्तर के विकास में सरकार का पूरा सहयोग”

​विधायक किरण देव ने कहा कि उनकी सरकार की सोच है कि बस्तर के छात्र-छात्राओं को अच्छी शिक्षा मिले और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “हमारी सरकार संवेदनशीलता के साथ हर क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कर रही है, और बस्तर के युवाओं को बेहतर और उच्च शिक्षा मिले, इसके लिए हम लगातार प्रयासरत हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed