जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अपने महाअभियान में एक ऐसी चौंकाने वाली सफलता हासिल की है, जिसने शहर के शांत इलाकों में चल रहे खतरनाक काले धंधे का पर्दाफाश कर दिया है. प्रतिष्ठित शांति नगर फ्रेजरपुर इलाके में रहने वाली एक महिला, अब प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बेचने वाली नशे की सौदागर निकली है. थाना बोधघाट को मिली गुप्त सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 38 वर्षीय सत्यवती महापात्र को उसके ही घर से गिरफ्तार किया.
बड़ा खुलासा
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 176 नग Pyeevon Spas Plus Dicyclomine Hcl Tramadol जैसे अत्यधिक नशीले और प्रतिबंधित कैप्सूल जब्त किए हैं. बाजार में इन कैप्सूलों की कीमत लगभग ₹1,742 बताई जा रही है.
आरोपी महिला, जिसका नाम सत्यवती महापात्र है, अपने घर में ग्राहक का इंतजार कर रही थी, जब पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा. पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से युवाओं को गुमराह कर इस जहर का व्यापार कर रही थी.
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद, पुलिस ने महिला आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत गंभीर मामला दर्ज किया है. उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
शहर में एक महिला के इस तरह के गैर-कानूनी कारोबार में शामिल होने की खबर से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है.