जगदलपुर (डेस्क) – छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक आरक्षक की एक दुखद सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है. यह हादसा उस समय हुआ जब आरक्षक नवाखानी का त्यौहार मनाकर अपने ससुराल जा रहे थे. अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

क्या हुआ ?

यह घटना बीते कल मंगलवार की रात करीब 9 बजे बस्तर जिले के सोनारपाल गांव के पास NH-30 पर हुई. 31 वर्षीय आरक्षक दिलीप मण्डावी, जो 21 वीं वाहिनी सीएएफ करकाभाट, बालोद में तैनात थे, फिलहाल वह एपीटीएस लालबाग जगदलपुर में अटैच थे, 7 दिन की छुट्टी पर वह अपने पैतृक गांव बड़े कनेरा आए हुए थे. त्यौहार मनाने के बाद, वे अपनी यामाहा मोटरसाइकिल CG17-LB-0195 से अपने ससुराल सालेमेटा (बस्तर) के लिए निकले थे.

अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

सोनारपाल गांव के पास ग्रामीण बैंक के सामने मुख्य सड़क पर एक अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही और तेज गति से गाड़ी चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिलीप मण्डावी मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े, जिससे उनके सिर, चेहरे और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं.

अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित

दुर्घटना के तुरंत बाद, उन्हें एक निजी पिकअप वाहन से सिविल अस्पताल भानपुरी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जाँच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके बड़े भाई महेन्द्र मण्डावी ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी, जिसके बाद भानपुरी पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने इस संबंध में धारा 281 और 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। पुलिस टीम अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है. इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed