बीजापुर (डेस्क) – जनपद बीजापुर ब्लॉक के अन्तर्गत अतिसंवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनात 85 बटालियन CRPF द्वारा बटालियन के तैनाती क्षेत्र में सुनील कुमार राही, कमांडेण्ट 85 बटालियन CRPF के कुशल मार्गदर्शन व दिशा-निर्देशन में आम जनता को लाभान्वित करने हेतु आज बुधवार को एफ/85 के तैनाती क्षेत्र हिरोली (FOB) में मोती लाल,उप कमां0 एवं निरी0/जीडी सागर मल के कुशल नेतृत्व में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया.
85 बटालियन की तैनाती से पूर्व यह क्षेत्र विकास कार्यों से कोसों दूर था. वर्ष 2008 में, 85 बटालियन की तैनाती के बाद नक्सलियों के विरूद्ध चलाये गये परिचालनिक अभियानों के फलस्वरूप ही इस क्षेत्र में विकास कार्य जैसे सड़क निर्माण, बिजली की आपूर्ति, खाद्य सामाग्रियों की उपलब्धता, खाद्य सामाग्री के वितरण का व्यवस्थापन, बेहतर संचार हेतु मोबाईल टॉवरों को स्थापित करने जैसे अन्य मूलभूत सुविधा इस क्षेत्र की जनता को मिलना संभव हो पाया है.
इस कार्यक्रम के अर्न्तगत 85 बटालियन के द्वारा इस नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आवासित जरूरतमंद व गरीब ग्रामीणों में 60 नग रेडियो सेट एवं अन्य आवश्यक घरेलू उपयोगी सामानों का वितरण किया गया. इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य ग्रामीण व आम जनता को सरकार द्वारा राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर उनके विकास हेतु घोषित की जा रही योजनाओं, आस-पास के जनपदों व क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों व कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना ताकि ग्रामीण सरकारी योजनाओं से प्रभावित होकर मुख्यधारा से जुड़ने का प्रयास करेंं.
इस सिविक एक्शन प्रोग्राम में हिरोली व आस-पास के गांवो पटेलपारा, सरपंचपारा, नुल्लीपारा, मर्रेपारा के लगभग 112 ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया एवं इस अवसर का लाभ उठाया. उपस्थित ग्रामीणों ने 85 बटालियन CRPF, से जुड़ने के इस प्रयास की सराहना की. इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों हेतु जलपान की व्यवस्था भी की गयी.
सुनील कुमार राही, कमांडेण्ट 85 बटालियन द्वारा बताया गया कि रेडियो जैसे संसाधन ग्रामीणों के सूचना, शिक्षा व मनोरंजन की दुनिया से जुड़ने का बेहतर विकल्प हैं. 85 बटालियन का यह प्रयास आम जनता व सुरक्षा बलों के मध्य विश्वास को और भी सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
इस कार्यक्रम के दौरान मोती लाल, उप कमांडेण्ट ने अवगत कराया कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की जनता व सुरक्षा बलों के मध्य विश्वास की भावना जागृत होगी तथा ग्रामीणों की विकास कार्यां में सहभागिता भी बढ़ेगी इसके अलावा ग्रामीण नक्सलियों की कुंठित विचारधारा से निकल कर मुख्यधारा में लौटेंगे. ग्राम हिरोली के इस कार्यक्रम के दौरान मोती लाल, उप कमां0, निरी0/जीडी सागर मल, अधीनस्थ अधिकारीगण, जवान एवं ग्राम-सरपंच तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.