जगदलपुर (डेस्क) – ऑपरेशन सिंदूर के साथ राष्ट्र, हम सेना के साथ है, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक ‘तिरंगा यात्रा’ जैसे नारे के साथ आज शनिवार को ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन जगदलपुर शहर सहित जिले के सभी ग्राम पंचायतों में किया गया. हजारों की तादाद में आमजन, पूर्व सैनिक, युवा वर्ग और मातृशक्ति ने तिरंगे के साथ पद यात्रा में हिस्सा लिया. 13 मई से 23 मई तक देश भर में ‘तिरंगा यात्रा’ अभियान किया जा रहा है. इस राष्ट्रव्यापी यात्रा का मकसद हाल ही में सफल रहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की उपलब्धियों को हर नागरिक तक पहुंचाना है.

जगदलपुर शहर के सिरहासार चौक स्थित शहीद स्मारक पर विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, महापौर संजय पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और आम नागरिक ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए तिरंगा यात्रा में शामिल हुए. कार्यक्रम को विधायक, महापौर ने संबोधित करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने देश की सुरक्षा पर अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले भारतीय सेना, अर्धसैनिक बल एवं सशस्त्र बलों के अदम्य साहस और वीरता को नमन है. उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में में आतंकवादियों के कायराना हरकत का मुंहतोड़ जवाब भारतीय सेना ने दिया और सरकार ने देश के माता – बहनों को न्याय दिलाने सफलता पूर्वक आपरेशन सिंदूर का अभियान चलाया और आतंकियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया. इसके अलावा जिले के सातों विकास खंड के ग्राम पंचायतों में भी सुबह से तिरंगा यात्रा निकाली गई. ग्रामीण लोगों का उत्साह देखने लायक था, लोगों के हाथों में तिरंगा और होठों पर भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे थे. पड़ोसी दुश्मन मुल्क के खिलाफ भी खूब नारेबाजी हुई.

ग्राम पंचायत बड़े मारेंगा में पंचायत भवन से समाधान शिविर तक विशाल तिरंगा यात्रा रैली का भव्य आयोजन किया गया. देशभक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणजन ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की.

तिरंगा यात्रा का उद्देश्य जनमानस में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना था. यह आयोजन नए भारत की उस सोच को दर्शाता है, जो आतंकवाद को जड़ से मिटाने और भारतीय सेना के शौर्य पर गर्व करना था.